दनकौर (संवाद)। कोतवाली क्षेत्र स्थित एक मोबाइल बनाने वाली कंपनी के कर्मचारी की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आया है। सोमवार को नीम के पेड़ से फंदे पर लटकर युवक कीआत्महत्या से पहले का विडियो वायरल हुआ है। जिसमें युवक भावुक होकर कह रहा है, अब मेरा कोई नहीं है, मैं हंसते हुए दुनिया छोड़कर जा रहा हूं। पुलिस वीडियो की सत्यता की जांच में जुट गई है।
इटावा जिले के बनकटी गांव निवासी 24 वर्षीय अनुज सेक्टर-22डी स्थित एक सोसाइटी में किराये पर रहकर सेक्टर-24ए की मोबाइल निर्माता फैक्ट्री में काम करते थे। सोमवार सुबह उसका शव सेक्टर-22डी में 120 मीटर रोड के पास एक नीम के पेड़ से रस्सी के फंदे पर लटका मिला था। मौके से युवक का मोबाइल फोन, बाइक, बैग और अन्य सामान भी बरामद हुआ था। मंगलवार को सामने आए विडियो में अनुज एक हाथ में फंदा पकड़े हुए दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरे हाथ से खुद वीडियो रिकॉर्ड कर रहा है। वीडियो में वह बेहद परेशान और हताश नजर आ रहा है। हालांकि वीडियो कब बनाया गया और इसके पीछे की परिस्थितियां क्या थी। इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि युवक की मौत के मामले की जांच की जा रही है।