माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोपी किशोर को बाल न्यायालय से राहत नहीं मिली है। अदालत ने उसकी जमानत अपील खारिज कर दी। अदालत ने किशोर न्याय बोर्ड के 4 नवंबर 2026 के आदेश को सही ठहराते हुए उसे बरकरार रखा।
मामला थाना इकोटेक-3 में दर्ज मुकदमे से जुड़ा है। किशोर न्याय बोर्ड ने आरोपी को किशोर घोषित किया था। इसके बाद उसकी जमानत अर्जी बोर्ड ने खारिज कर दी थी। अपीलकर्ता की ओर से अधिवक्ता ने कहा कि बोर्ड ने रिकॉर्ड में मौजूद दस्तावेजों को ठीक से नहीं देखा और न्यायिक विवेक का इस्तेमाल किए बिना जमानत खारिज की। किशोर लंबे समय तक बाल सुधार गृह में रहा तो उसका भविष्य और चरित्र प्रभावित होगा। अदालत ने जिला परिवीक्षा अधिकारी (डीपीओ) की रिपोर्ट का हवाला दिया। रिपोर्ट के अनुसार किशोर पहले भी बाल सुधार गृह में रखा जा चुका है। उसे मनोवैज्ञानिक परामर्श की आवश्यकता है। अदालत को बोर्ड के आदेश में तथ्य या कानून की कोई त्रुटि नहीं मिली। उसे न्यायसंगत और कानूनसम्मत मानते हुए हस्तक्षेप से इनकार कर दिया गया।