डीजल गाड़ियों के बार-बार खराब होने से बढ़ी परेशानी, वारंटी देने से भी कतरा रहीं कंपनियां संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा।
शहर में पिछले कई दिनों से डीजल से चलने वाली कई गाड़ियों के बार-बार खराब होने का मामला सामने आ रहा है। वाहन मालिकों का आरोप है कि गाड़ी खराब होने पर जब वे अधिकृत वर्कशॉप और डीलरशिप पहुंच रहे हैं तो वहां खराबी की वजह डीजल की गुणवत्ता को बताया जा रहा है। इतना ही नहीं, कंपनी के प्रतिनिधि खराब डीजल का हवाला देकर वारंटी के तहत मरम्मत करने से भी इन्कार कर रहे हैं। दूसरी ओर, पेट्रोल पंप संचालक डीजल की गुणवत्ता को सही बता रहे हैं। ऐसे में वाहन मालिकों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है।
इस मामले में वाहन मालिकों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। एक तरफ गाड़ियों की मरम्मत पर अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ रोजमर्रा के काम प्रभावित होने के साथ समय और मानसिक परेशानी भी बढ़ रही है। वाहन मालिकों को समझ नहीं आ रहा कि आखिर उनकी गाड़ियों में खराबी की असली वजह क्या है और इसकी जिम्मेदारी किसकी है।
विज्ञापन
वाहन मालिक संजय भाटी एडवोकेट ने बताया कि उनकी फॉर्च्यूनर कार में यमुना एक्सप्रेस वे के पंप से डीजल लिया गया था। कुछ दूरी पर चलने के बाद ही दिक्कत आने लगी। उसको सर्विस सेंटर पर खड़ा किया गया। वारंटी होने के बाद भी उसको ठीक नहीं किया जा रहा है। अब वह उसकी शिकायत जिला उपभोक्ता आयोग में करने की तैयारी कर रहे है।
उपभोक्ता आयोग में कर सकते हैं शिकायत : उपभोक्ता अधिकारों से जुड़े जानकारों के अनुसार, यदि जांच में ईंधन की गुणवत्ता में कमी या कंपनी और डीलर की ओर से सेवा में लापरवाही सामने आती है तो उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम-2019 के तहत शिकायत की जा सकती है। ऐसी स्थिति में वाहन निर्माता कंपनी, अधिकृत डीलर और संबंधित पेट्रोल पंप को मामले के तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पक्षकार बनाया जा सकता है।
ये दस्तावेज रखें सुरक्षित : वाहन मालिकों को सलाह दी गई है कि वे सर्विस सेंटर के जॉब कार्ड, मरम्मत बिल, वारंटी दस्तावेज, डीजल भरवाने की रसीद और कंपनी या पेट्रोल पंप से हुई बातचीत के रिकॉर्ड सुरक्षित रखें। पहले कंपनी और पेट्रोल पंप को लिखित शिकायत देकर उसका प्रमाण रखना चाहिए। समाधान नहीं मिलने पर ई-जागृति पोर्टल (e-jagriti.gov.in) के माध्यम से जिला उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।