जेवर टोल प्लाजा तक यमुना एक्सप्रेसवे पर लगाई जाएंगी स्ट्रीटलाइटें
- एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए कंसेनायर एग्रीमेंट में शामिल स्ट्रीटलाइट का काम
- सीईओ का कहना, सुरक्षा के लिए जरूरी अब यहां लाइटें
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में जीरो प्वाइंट से जेवर टोल प्लाजा तक स्ट्रीटलाइट लगाई जाएंगी। इसके लिए यमुना प्राधिकरण ने एक्सप्रेसवे का प्रबंधन देख रही कंपनी सुरक्षा समूह को इसके लिए पत्र लिखा है। कंपनी को कहा गया है कि नियोजित इलाकों में जरूरी विकास कार्य होने के बाद यहां स्ट्रीटलाइट एग्रीमेंट के अनुसार लगाई जानी थी। 38 किमी लंबाई में ऐसे में स्ट्रीटलाइट लगने से बड़ी राहत मिलेगी।
सीईओ राकेश कुमार सिंह का कहना है कि आवासीय व औद्योगिक सेक्टरों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों व कस्बों में एक्सप्रेसवे से आवाजाही बढ़ने के चलते सुरक्षा के लिहाज से इन लाइटों का लगाया जाना जरूरी है। ऐसे में प्रबंधन कंपनी को यहां स्ट्रीटलाइट लगाने का काम करना होगा। आवश्यकता के आकलन के बाद अब प्रबंधन कंपनी को पत्र भेज दिया गया है। उनसे शीघ्र यहां काम शुरू कराने के लिए कहा गया है।
अभी वर्तमान में 38 किमी लंबाई में केवल कुछ ही जगहों पर स्ट्रीटलाइट लगाई गई हैं। इनमें अधिकांश जगह रैंप ही लाइट लगाने के लिए शामिल किए गए थे। अब यमुना प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक जहां तक विकास कार्य हो चुके हैं, वहां तक स्ट्रीटलाइट लगानी होंगी। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक एक्सप्रेसवे की जरूरत के मुताबिक लाइट प्वाइंट की संख्या और दक्षता तय की जाएगी।