- सिर पर हेलमेट व मुंह पर कपड़ा बांधकर बाइक से पहुंचे थे दो बदमाश
- हेलमेट पहने आरोपी ने पिस्टल तानी और दूसरे ने रैक से रुपये निकाले
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। मलकपुर गांव में बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े साइबर कैफे में घुसकर 80 हजार रुपये लूट लिए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने मामले में बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
अलीगढ़ निवासी मोहित मलकपुर गांव में साइबर कैफे चलाते हैं। गांव में वह किराये पर रहते हैं। बुधवार को उस्मान कैफे पर बैठा हुआ था। तभी बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। एक बदमाश ने हेलमेट लगाया था तो दूसरे बदमाश ने चेहरा कपड़े से ढका हुआ था। कैफे में घुसते ही हेलमेट पहने बदमाश ने पिस्टल निकालकर उस्मान पर तान दी। इसके बाद दूसरा केबिन में पहुंचा और रैक खोलकर उसमें रखे 80 हजार रुपये निकाल लिए। बदमाशों के कैफे से निकलने के बाद उस्मान ने बाहर आकर शोर मचाने का प्रयास किया। आरोप है कि तभी एक बदमाश वापस कैफे में आया और उसे गोली मारने की धमकी दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। जांच में पता चला है कि मोहित कैफे पर लोगों के बैंक खातों में रुपये जमा करने का काम भी करता है। वह बैंक से 80 हजार रुपये निकालकर कैफे लाया था। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि कहीं बदमाश बैंक से ही उसके पीछे तो नहीं लगे थे। वहीं एसीपी सेंट्रल नोएडा राजीव कुमार गुप्ता का कहना है कि पर्दाफाश के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है।