नोएडा। सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना और विवाहिता का गला दबाकर जान लेने की कोशिश करने के आरोप में पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सेक्टर-77 स्थित एक्सप्रेस जेनिथ निवासी महिला ने आरोप लगाया कि बेटी के जन्म के बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि पहले 10 लाख रुपये लेने के बाद दोबारा 20 लाख रुपये और कार की मांग की गई। पुलिस ने अदालत के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता मीनू चौहान के अनुसार, उनका विवाह 23 नवंबर 2017 को गाजियाबाद निवासी गगन सूरी के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति गगन सूरी, ससुर प्रेम प्रकाश सूरी, सास पूनम सूरी और इन्द्रप्रीत कौर कम दहेज लाने का ताना देकर उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि अदालत के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।