फ्लैट दिलाने के नाम पर बुजुर्ग से 30 लाख 60 हजार रुपये की ठगी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग को सस्ते में फ्लैट दिलाने का झांसा देकर 30 लाख 60 हजार रुपये ठग लिए है। आरोपियों ने खुद को भवन निर्माता और संपत्ति विक्रेता का प्रतिनिधि बताया। पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए शिकायत दी गई है।
पुलिस को दी गई शिकायत में 63 वर्षीय राजेश कुमार सुमन ने बताया है कि उनके साथ 27 जुलाई 2026 को धोखाधड़ी हुई। ठगों ने फर्जी बुकिंग दस्तावेज, भुगतान की रसीदें और संपत्ति से जुड़े अन्य कागजात सोशल मीडिया पर दिखाएग। इन दस्तावेज को असली मानकर राजेश कुमार सुमन ने उन पर विश्वास कर लिया। आरोपियों ने अलग-अलग माध्यमों से ऑनलाइन रकम ट्रांसफर कराई। पीड़ित ने कुल 30 लाख 60 हजार रुपये दे दिए। हालांकि, उन्हें फ्लैट नहीं मिला और ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। एसीपी साइबर क्राइम विवेक रंजन राय ने बताया कि थाना पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है।