नई वाइन शॉप खोलने के विरोध पर विवाद, संचालक को धमकी
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-75 स्थित मॉल में वाइन शॉप खोलने को लेकर दो संचालकों के बीच विवाद सामने आया है। एक वाइन शॉप संचालक ने आबकारी नियमों का हवाला देते हुए दूसरी दुकान खोले जाने का विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद उन्हें अनजान नंबर से कॉल कर गाली-गलौज की गई और धमकी दी गई। सेक्टर-113 थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हंसनाथ तिवारी सेक्टर-134 स्थित कॉसमॉस सोसाइटी में परिवार के साथ रहते हैं और सेक्टर-75 स्थित मॉल में वाइन शॉप चलाते हैं। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि उनकी दुकान से कुछ दूरी पर भूतल परिसर में माधव कुंद्रा नाम के व्यक्ति ने वाइन शॉप खोलने के लिए आवेदन किया है। इसकी जानकारी मिलने पर हंसनाथ ने आबकारी नियमों का हवाला देते हुए नई दुकान खोले जाने का विरोध किया। उनका कहना है कि क्षेत्र में निर्धारित कोटे के मुताबिक बिक्री नहीं होने के कारण पहले से संचालित दुकान को काफी नुकसान हो रहा है। ऐसे में उसी स्थान पर एक और वाइन शॉप खुलने से कारोबार प्रभावित होने की आशंका है। शिकायत के अनुसार, मॉल के बिल्डर की ओर से भी आबकारी विभाग को पत्र भेजकर वहां नई वाइन शॉप नहीं खोले जाने की आपत्ति जताई गई थी। हंस नाथ तिवारी का आरोप है कि आपत्ति दर्ज कराने के बाद से उनके मोबाइल पर एक नंबर से कॉल कर उन्हें धमकी दी गई। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज आगे की कार्रवाई की जा रही है।