नोएडा। सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई में शुक्रवार को विश्व हीमोफीलिया दिवस मनाया गया। इस दौरान उड़ान 2026-आशा के नायकों का सम्मान कार्यक्रम का आयोजन संस्थान में किया गया। यह पहला वार्षिक हेमेटो-ऑन्कोलॉजी चैंपियंस मीट एवं अवार्ड समारोह था। इस कार्यक्रम में करीब 200 हीमोफीलिया, थैलेसीमिया एवं बोन मैरो ट्रांसप्लांट सर्वाइवर और उनके अभिभावकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य इन बच्चों और युवाओं के साहस, संघर्ष और उपलब्धियों का सम्मान करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निदेशक डॉ. एके सिंह एवं सीएमएस डॉ. मुकुल कुमार जैन ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया। इसके साथ ही कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले छात्रों को विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए गए।आयोजित कार्यक्रम में नृत्य, संगीत, रैंप वॉक करते बच्चे नजर आए। ब्यूरो