नोएडा (संवाद)। सेक्टर-168 के पास छपरौली कट पर अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। छपरौली गांव में रहने वाली राजेश 21 नवंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे सेक्टर-144 स्थित एक सोसाइटी से काम करके घर लौट रही थीं। छपरौली कट के पास सड़क पार करते समय एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर बेहोश पड़ी थीं। राहगीर ने फोन कर उनके परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। एक्सप्रेसवे थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
नोएडा (संवाद)। सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा चालक से कहासुनी के बाद एक युवक के साथ मारपीट की गई। मधुकर राज मंगलवार को अपने दोस्त गौरव के साथ सेक्टर-63 स्थित कार्यालय से सहारा मोड़ की ओर जूस पीने जा रहे थे। रास्ते में एक ई-रिक्शा चालक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि चालक गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने गौरव के साथ मारपीट की, जिससे उनके सिर में चोट लग गई। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गया। घायल गौरव को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। थाना प्रभारी सर्वेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की पहचान की जा रही है।