चरमराई बिजली व्यवस्था से नाराज कालोनी वासियों ने बिजलीघर पहुंचकर किया प्रदर्शन
किसान संगठन ने व्यवस्था दुरूस्त कराने की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। नगर के पिंक सिटी, ओम वाटिका कॉलोनी, नई आबादी समेत अन्य काॅलोनियों में बिजली कटाैती से नाराज लोगों ने धूम मानिकपुर बिजली घर पहुंचकर व्यवस्था को सुचारु कराने की मांग की। नगर पालिका परिषद क्षेत्र में शनिवार शाम से बिजली व्यवस्था ठप्प है। जिससे महिला, बच्चे, बुजुर्ग भीषण गर्मी के चलते परेशान हैं। रात्रि के समय अंधेरा होने के चलते लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उमस भरी गर्मी के कारण लोग रात भर सो नहीं पाए। बिजली अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क करने के बाद भी कोई संपर्क नहीं हो सका। जिससे नाराज कॉलोनी वासी रविवार को इकट्ठा होकर बिजली घर पहुंचे। कॉलोनी वासियों की भीड़ को देखकर बिजली घर पर तैनात कर्मचारी इधर-उधर हो गए। उसके बाद बिजली घर पर तैनात कर्मचारियों ने अधिकारियों से संपर्क किया और समस्या से अवगत कराया। करीब एक घंटे तक कॉलोनी वासी बिजली घर पर जमा रहे। बिजली सुचारु करने का आश्वासन देने पर बिजली घर से वापस लौटे।
इस दाैरान भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय महासचिव मनिंदर भाटी ने उपखंड अधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कहा कि छपरौला, सहारा सिटी एवं आसपास की कॉलोनियों में एक माह से बिजली की आपूर्ति बाधित हो रही है। हर रोज ट्रांसफार्मर खराब हो रहे है। गर्मी के मौसम में लंबे समय तक बिजली की कटौती से जन जीवन प्रभावित हो रहा है। अगर समय रहते बिजली की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मंच बिजली घर पर अनिश्चितकालीन धरने के लिए मजबूर होगा।