ग्रेटर नोएडा। हल्दौनी मोड़ स्थित सैनी वाली गली में एक मकान से चोर सोने के गहने व नकदी उड़ा ले गए। पीड़ित की शिकायत पर बुधवार को ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस को दी तहरीर में बृजेश निवासी फर्रुखाबाद ने बताया कि वह हाल में रमेश के मकान में किराये पर परिवार सहित रहते हैं। 26 जनवरी 2026 को वह अपने परिवार के साथ घूमने गए थे। जब वापस लौटे तो देखा कि कमरे के ताले में किसी ने दूसरी चाबी लगाकर उसे खोल दिया था और अंदर रखा सामान बिखरा हुआ था। तलाशी लेने पर पता चला कि पत्नी की सोने की एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी बाली, एक अंगूठी, एक मटरमाला, दो जोड़ी पायल, कमर की करधनी, चार हाथ की चूड़ियां, एक चेन और एक नाक की कील के अलावा 14 हजार रुपये नगद भी गायब थे। पूछताछ करने पर चोरी की आशंका मनोज निवासी कानपुर देहात पर जताई गई है। वहीं कोतवाली प्रभारी रंजीत कुमार सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो