नोएडा में पड़ोसी पर पिस्टल दिखाकर धमकी देने का आरोप
नोएडा (संवाद)। सेक्टर-113 के आसरा अपार्टमेंट में पड़ोसी पर पिस्टल दिखाकर धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़िता रेनू ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। रेनू के पति सीआरपीएफ में जवान हैं। उनके पड़ोसी संतोष, गणेश, विनीता और श्रीदेवी से उनकी रंजिश है। आरोप है कि 22 अक्तूबर को आरोपियों ने बिजली, पानी और सीसीटीवी कनेक्शन काट दिए। इसका विरोध करने पर गणेश ने पिस्टल दिखाकर धमकी दी। रेनू ने सेक्टर-113 थाना और चौकी में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत की, जिस पर 27 अक्तूबर को जांच अधिकारी ने मौके पर आए बिना गलत रिपोर्ट लगा दी। रेनू ने अब एसीपी से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।