- सेक्टर-39 पुलिस ने साढ़े चार किलो गांजे के साथ निजी कंपनी कर्मचारी को किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। निजी कंपनी की नौकरी से होने वाली कमाई से शौक पूरे नहीं हुए तो एक युवक गांजे की तस्करी करने लगा। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने मंगलवार को सोम बाजार कट के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से साढ़े चार किलो गांजा, बिक्री से मिले 750 रुपये और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 30 वर्षीय मोहित कुमार के रूप में हुई है। वह मूलरूप से उन्नाव के बांगरमऊ थाना क्षेत्र के महोलिया गांव का रहने वाला है और वर्तमान में छलेरा गांव में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी की मोटरसाइकिल को सीज कर दिया है।थाना प्रभारी डी पी शुक्ला के मुताबिक, मोहित नोएडा में रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि नौकरी से मिलने वाली आय से उसके शौक पूरे नहीं हो पा रहे थे। अधिक रुपये कमाने के लालच में उसने गांजा बेचने का रास्ता अपनाया। आरोप है कि वह बिहार और पश्चिम बंगाल से कम कीमत पर गांजा मंगाता था। इसके बाद उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में नशे के आदी लोगों को बेचता था। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन भी कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी डीपी शुक्ला ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।