छठ महापर्व में अर्घ्य देने उमड़ा व्रतियों का समूह
- घाटों के इर्द-गिर्द सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समा, सामूहिक रूप से दिया अर्घ्य
- 100 से अधिक छठ पूजा घाटों रही रौनक
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। प्रकृति से जुड़े लोक आस्था के महापर्व छठ महोत्सव में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने रविवार शाम को व्रतियों का समूह उमड़ पड़ा। तैयार किए गए 100 से अधिक छठ घाटों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। लोकगीतों की गूंज व्रतियों में आस्था व श्रद्धा को और मजबूत करती रही। रविवार सुबह से श्रद्धालु घाट बांधने और वेदी तैयार करने में लगे रहे। विभिन्न सेक्टर, सोसाइटियों में स्वीमिंग पूल आदि में कृत्रिम घाट तैयार कर अर्घ्य देने की व्यवस्था की गई।
बड़ी संख्या में सूप, फल, टाब, टोकरा, गन्ना आदि पूजन सामग्रियों को लेकर व्रती डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचे। 36 घंटे का निर्जला व्रत रख व्रतियों ने सूर्य देव व छठी मैया से आशीर्वाद मांगे। दिन में गेहूं, घी, शक्कर से ठेकुआ और लड्डू का प्रसाद बनाया। सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही व्रत और महापर्व का समापन होगा। छठ घाट कहीं फूलों व गुब्बारों से तो कहीं रंग बिरंगी लाइटों से सजाए गए। सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में 100 से अधिक चेंजिंग रूम बनाए गए। घाट पर 200 किलो के करीब गुलाब की पंखुड़ियां डाली गईं। व्रतियों के ऊपर फूलों की वर्षा की गई। लाए गए जल को भी घाट पर प्रवाहित किया गया।
वहीं नोएडा स्टेडियम में प्रवासी महासंघ की रेखा पाठक व अन्य कलाकारों ने प्रस्तुति दी। सेक्टर-62 में मनोहर सिंह, अल्का सिंह पहाड़िया, गोलू दबंग और अन्य कलाकारों ने लोकगीतों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। सेक्टर-62 के रामलीला मैदान में छठ पूजा के आयोजनकर्ता अजय विश्वकर्मा ने कहा कि यह महापर्व किसी धर्म विशेष से जुड़ा नहीं है। बल्कि यह प्रकृति से जुड़ा हुआ पर्व है।
-
यहां-यहां हुए आयोजन:
छठ महापर्व पर शहरभर में 50 से अधिक जगहों पर सामूहिक रूप से व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। बड़े आयोजन में नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-62,71,75 आदि कार्यक्रम रहे। वहीं सेक्टर-2, 22, 31, 43, 45, 62, 66, 71, 73, 74, 75, 78, 82, 93, 105, 110, 116, 120, 122,135, छलेरा, सदरपुर, चोटपुर, कालिंदी कुंज, होशियारपुर, मोरना, भंगेल आदि जगहों पर भी आयोजन हुए।