ग्रेटर नोएडा। कासना में पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया गया। दलेलगढ़ गांव निवासी कोसिंदर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीते मंगलवार शाम उसका भतीजा करण और उसका दोस्त ऋषभ गांव घंघोला की तरफ से दलेलगढ़ लौट रहे थे। जब दोनों युवक पवन के भट्टे के सामने पहुंचे तो वहां पहले से गांव सलेमपुर गुर्जर निवासी शिवा अपने आठ से 10 साथियों के साथ खड़ा था। करण और ऋषभ करीब दो साल पहले शिवा के साथ पढ़ते थे। उसी दौरान शिवा ने दोनों युवकों पर अपने ग्रुप में शामिल होने का दबाव बनाया था। लेकिन दोनों ने इससे इंकार कर दिया था। तभी से शिवा उनसे रंजिश मानता था। आरोप है कि इसी बात को लेकर शिवा और उसके साथियों ने दोनों युवकों को घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में करण के सिर और दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं। वहीं कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ल का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। ब्यूरो