नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो के डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) में एक बार फिर संशोधन किया गया है। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएमआरसी) की ओर से प्रस्तावित ग्रेनो वेस्ट मेट्रो की डीपीआर भेजी गई थी, लेकिन केंद्र सरकार के मंत्रालय की ओर से इसमें कुछ संशोधन का प्रस्ताव किया गया। एनएमआरसी के अधिकारियों की ओर से बदलाव के बाद मंत्रालय को फिर भेजी गई है।
दरअसल, सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन से नॉलेज पार्क 5 तक मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण कार्य प्रस्तावित है। इसके लिए टेंडर निकाले गए। साथ ही कॉरिडोर की डीपीआर केंद्र सरकार को संस्तुति के लिए भेजी गई है। संस्तुति के बाद इसी आधार पर मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण कार्य होगा, लेकिन डीपीआर के कुछ बिंदुओं में संशोधन का प्रस्ताव केंद्र सरकार के मंत्रालय ने दिया है।
अब एनएमआरसी के उच्चाधिकारियों ने इसमें प्रस्तावित संशोधन करने के बाद डीपीआर को मंत्रालय को भेज दी है। इस संबंध में एनएमआरसी के अधिकारियों का कहना है कि कुछ छोटे-छोटे संशोधन प्रस्तावित किए गए हैं। परियोजना में किसी तरह का बड़ा बदलाव नहीं किया है। चूंकि पांच साल पुराना डीपीआर थी, लिहाजा नई पॉलिसी और नए मानकों के आधार पर आंशिक संशोधन किया है। डीपीआर को यूपी सरकार को भी भेजा गया है, जो अपने स्तर पर इसे केंद्र सरकार को भेजेगी। दूसरी ओर ग्रेनो वेस्ट मेट्रो के पहले चरण के अंतर्गत सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-2 के निर्माण कार्य के लिए निकाले गए टेंडर में दस्तावेजों की जांच चल रही है। इसमें कुछ एजेंसियों ने टेंडर डाला है। इस मामले में तकनीकी बिड खोली गई है। जल्द ही एजेंसी चयन का काम पूरा होगा।