ग्रेटर नोएडा में दो पेट्रोल पंप पर 10 लाख की लूट
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर और बीटा-2 थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े पेट्रोल पंप कर्मचारियों से लूट की दो अलग-अलग वारदातें हुईं। बुलेट सवार दो बदमाशों ने सूरजपुर क्षेत्र में पेट्रोल पंप कर्मचारियों से आठ लाख और बीटा-2 थाना क्षेत्र में सेंट्रो सवार चार बदमाशों ने दो लाख रुपये लूट लिए।
सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के देवला गांव स्थित पेट्रोल पंप के कर्मचारी सुपरवाइजर अर्जुन और ड्राइवर अंकित स्कूटी पर सवार होकर डिग्गी में आठ लाख रुपये रखकर सूरजपुर के बैंक ऑफ इंडिया में जमा कराने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कस्बे के पोस्ट ऑफिस के पास बुलेट सवार 2 बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी स्कूटी रुकवा ली।
बदमाशों ने पिस्टल के बल पर उनकी स्कूटी और उसकी डिक्की में रखे आठ लाख रुपये लूट लिए। दूसरी घटना बीटा-2 थाना क्षेत्र के सिटी पार्क के पास हुई यहां डेल्टा वन पेट्रोल पंप के 2 कर्मचारी सुपरवाइजर तबीयत और सेल्समैन रविकांत बाइक पर सवार होकर रुपया बैंक जमा कराने जा रहे थे।
जैसे ही वह सिटी पार्क के पास पहुंचे इसी दौरान सेंट्रो सवार चार बदमाशों ने उनकी स्कूटी में दो बार टक्कर मारी इससे दोनों पेट्रोल पंप कर्मचारी स्कूटी समेत सड़क पर गिर गए। तभी बदमाशों ने पिस्टल के बल पर दो लाख रुपये लूट लिए।
दोनों मामलों में पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और केस दर्ज कर जांच शुरू की है। सूरजपुर की घटना के संबंध में डीसीपी सेंट्रल जोन हरीश चंदर का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है ठोस सुराग हाथ लगे हैं। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा।