डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को मोजर बियर गोलचक्कर के पास सर्विस रोड पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की दो बाइक पर सवार चार संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में वकील उर्फ रिजवान और सरफराज उर्फ फैज घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। वहीं उनके दो साथी भोले उर्फ भोला और अलीजान को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
चोरी का माल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल तीन सोने के बिस्किट और करीब 100 ग्राम सोने के अन्य आभूषण बरामद किए हैं। कुल मिलाकर लगभग 300 ग्राम सोना बरामद हुआ है, जिसकी कीमत करीब 51 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा करीब 450 ग्राम चांदी के आभूषण, 11 लाख 27 हजार रुपये नकद, दो बाइक और चार अवैध तमंचे भी बरामद किए गए हैं। बरामद हथियारों में चार बोर के तमंचे, छह कारतूस और चार खोखा कारतूस शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य पेशेवर अपराधी हैं और इनके खिलाफ उत्तर प्रदेश के कई जिलों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
मुख्य आरोपी वकील उर्फ रिजवान के खिलाफ सम्भल, गाजियाबाद, रामपुर और गौतमबुद्धनगर समेत विभिन्न जिलों में 30 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं सरफराज उर्फ फैज पर भी चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के 17 मुकदमे दर्ज हैं। भोले उर्फ भोला और अलीजान के खिलाफ भी चोरी और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े कई मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। गिरोह लंबे समय से एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय था और कई बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।