शाहबेरी से क्रॉसिंग रिपब्लिक तक बनेगा डबल डेकर फ्लाईओवर, नई सड़क जुड़ने से 1200 करोड़ तक पहुंच सकती है लागत
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट से गाजियाबाद तक सफर आसान बनाने और जाम से राहत दिलाने के लिए प्रस्तावित डबल डेकर फ्लाईओवर परियोजना में तेजी लाने की कवायद शुरू हो गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को पत्र लिखकर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को अंतिम रूप देने और निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा है। परियोजना में एक नई सड़क को शामिल किए जाने के कारण इसकी लागत 756 करोड़ रुपये से बढ़कर करीब 1200 करोड़ रुपये होने का अनुमान है।
शाहबेरी से क्रॉसिंग रिपब्लिक के बीच प्रस्तावित इस फ्लाईओवर का निर्माण नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के विकास प्राधिकरणों की संयुक्त भागीदारी से किया जाना है। परियोजना की फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया ग्रेनो प्राधिकरण ने एनएचएआई के प्रस्ताव पर शुरू कराई थी। इसे ग्रेनो वेस्ट में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एक मूर्ति गोलचक्कर से भी जुड़ेगा फ्लाईओवर
परियोजना के तहत मौजूदा सड़क का इस्तेमाल सर्विस लेन के रूप में करने की योजना है, ताकि आसपास की सोसाइटियों और बाजारों तक पहुंचने वाले लोगों को सहूलियत मिल सके। इसके अलावा 130 मीटर चौड़ी ग्रेटर नोएडा-ग्रेनो वेस्ट लिंक रोड को एक मूर्ति गोलचक्कर के पास फ्लाईओवर से जोड़ने की योजना है। इससे क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
नई सड़क से बढ़ेगी परियोजना की लागत
ग्रेनो प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, परियोजना में एक अतिरिक्त सड़क का निर्माण भी शामिल किया जा रहा है। यह सड़क शाहबेरी नाले के किनारे से होते हुए तिगरी के पास 60 मीटर चौड़ी सड़क से जुड़ेगी। इस नई कनेक्टिविटी को शामिल करने से परियोजना की अनुमानित लागत बढ़कर करीब 1200 करोड़ रुपये हो सकती है। पहले इसकी लागत 756 करोड़ रुपये आंकी गई थी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने बताया कि परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए एनएचएआई को पत्र भेजा गया है। डीपीआर को अंतिम रूप दिए जाने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।