एडी बेसिक ने निरीक्षण के दौरान नाराजगी जताई
- फोटो : अमर उजाला
बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं के प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर एडी बेसिक मेरठ ऐश्वर्या लक्ष्मी ने जनपद में निरीक्षण के दौरान नाराजगी जताई। उन्होंने प्रशस्त एप, स्वच्छ एवं हरित विद्यालय और नशामुक्त अभियान में जिले की खराब रैंकिंग को सुधारने के लिए बीएसए को तत्काल निर्देश दिए। निपुण भारत मिशन की रैंकिंग में जनपद की स्थिति सही नहीं होने पर उन्होंने सभी एआरपी,एसआरजी के साथ सभी बीईओ को लक्ष्य पूरा करने के लिए कहा।
उन्होंने स्कूलों में योजनाओं की नियमित निगरानी करने और लक्ष्य के अनुसार प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्कूलों में कायाकल्प योजना के तहत लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराने के लिए तीनों प्राधिकरणों के साथ समन्वय करने को कहा गया। एडी बेसिक ने निर्देश दिए कि स्कूलों में जरूरी सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।
एडी बेसिक मेरठ ऐश्वर्या लक्ष्मी ने बताया कि आईजीआरएस में शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता खराब पाए जाने पर बीएसए और सभी बीईओ को स्वयं निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल समय सीमा के भीतर शिकायत निस्तारित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान भी सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों को आईजीआरएस की नियमित समीक्षा कर स्थिति सुधारने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा गया। बीएसए राहुल पंवार ने सभी व्यवस्थाओं के सुधार के लिए बैठक बुलाई है। उन्होंने कहा कि जनपद को हर स्तर पर प्रदेश में पहले पायदान पर रखना है।