फोटो 06 एचएएमपी 10= मृतका आशारानी की फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
कुरारा (हमीरपुर)। थानाक्षेत्र के कस्बा में रविवार की रात शराब के लिए रुपये देने से मना करने पर पौत्र ने दादी की डंडे से पीटकर हत्या कर दी। वृद्धा के बेटे ने अपने बेटे के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। पौत्र शराब पीने का आदी बताया जा रहा है।
कस्बे के मोहल्ला घूरेपर निवासी अमर सिंह ने सोमवार को थाने में दी तहरीर में बताया कि रविवार की रात 11:30 बजे उनकी मां आशारानी (70) खाना खाकर अपने कमरे में लेटी थीं। तभी उनका बेटा विशाल दादी से शराब पीने के लिए पैसा मांगने लगा। पौत्र की आदतों से परेशान मां ने उसे पैसे देने से मना कर दिया। इस पर विशाल ने दादी को कई बार दरवाजे की चौखट पर बाल पकड़कर पटका, इससे आशारानी बेहोश होकर गिर गईं। इसके बाद पौत्र ने दादी के सिर पर पास में पड़े डंडे से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई।
चीख-पुकार सुनकर वह सभी दौड़ पड़े। उपचार के लिए मां को स्थानीय सीएचसी ले गए, लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने के साथ पौत्र को हिरासत में ले लिया। कोतवाली निरीक्षक रामआसरे सरोज ने बताया कि अमर सिंह के बेटे की तहरीर पर आरोपी पौत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
-
पिता की संपत्ति मिलने पर मायके में रह रही थी आशारानी
मोहल्लेवासियों के अनुसार, आशारानी की ससुराल जालौन जनपद के कदौरा थाना क्षेत्र के बसरिया डेरा में है। पिता के कोई दूसरी संतान न होने पर माता-पिता की मौत के बाद उनकी संपत्ति आशारानी को मिल गई। इससे वह कस्बे में ही परिवार के साथ रहने लगीं। आरोपी विशाल शराब के नशे का आदि था और आए दिन परिजनों को परेशान करता था।