विकास खंड सासनी के ग्राम पंचायत अधिकारी गजेंद्रपाल को शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना करने के आरोप में जिला पंचायतराज अधिकारी सुबोध जोशी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
आदेश में कहा है कि ग्राम पंचायत अधिकारी गजेंद्रपाल को कई बार स्पष्टीकरण देने और सुनवाई का अवसर प्रदान किया गया, लेकिन उन्होंने किसी भी नोटिस का जवाब नहीं दिया।
इसके अलावा उन पर समीक्षा बैठकों में अनुपस्थित रहने, प्रधानमंत्री आवास योजना में अपात्र लाभार्थियों का चयन करने, पंचायत सचिवालयों एवं सामुदायिक शौचालयों के संचालन में लापरवाही, ग्राम पंचायतों की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध न कराने, आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों का समय से निस्तारण न करने सहित कुल 25 बिंदुओं में लापरवाही के गंभीर आरोप लगे हैं। निलंबन अवधि में गजेंद्रपाल को एडीओ मुरसान के कार्यालय से संबद्ध किया गया है। मामले की जांच एडीओ सहपऊ अनिल उपाध्याय को सौंपी गई है।