नोएडा में गर्लफ्रेंड्स पर खर्च करने के लिए स्नातक पास युवक बाइक चोरी करता था। नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने शुक्रवार को झट्टा गांव के पास आरोपी युवक और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दस बाइकें बरामद की हैं। बाइकें दिल्ली व ग्रेटर नोएडा से चोरी की गई थीं। आरोपियों की पहचान मैनपुरी निवासी रवि कुमार व अजब सिंह के रूप में हुई है।
मास्टरमाइंड रवि अब तक 50 से अधिक बाइकें चोरी कर चुका है। वहीं अजब सिंह चोरी की बाइकों के फर्जी कागजात तैयार कर बेचता था। आरोपी चोरी की बाइक को मैनपुरी के अलग-अलग क्षेत्र में महज पांच से सात हजार रुपये में बेच देते थे। बरामद दस बाइकों में से 6 दिल्ली व 4 ग्रेटर नोएडा से चोरी की गईं हैं। पिछले तीन साल से दोनों आरोपी बाइक चोरी की घटना को अंजाम दे रहे थे। पुलिस जांच में रवि के मोबाइल में उसके कई अलग-अलग युवतियों के साथ फोटो हैं। कुछ युवतियों के खाते में आनलाइन ट्रांजक्शन भी मिला है। जिन युवतियों के खाते में रकम भेजी है वह रवि की महिला मित्र है। इसके अलावा वह अपनी मरी हुई पत्नी के परिवार को भी पैसे भेजता है।