यमुनानगर। भाजपा सरकार किसानी को खत्म करने की सोच के साथ काम कर रही है। किसानों के हितों से इस सरकार को कोई सरोकार नहीं है। यह शब्द कांग्रेस के जिला शहरी अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने वीरवार को जगाधरी स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए कहे।
उन्होंने कहा कि गन्ने के रेट में की गई बढ़ोतरी किसानों के साथ भद्दा मजाक है। 15 रुपये की वृद्धि नाकाफी है। उन्होंने कहा कि गन्ने के भाव में कम से कम प्रति क्विंटल पचास रुपए की बढ़ौतरी होनी चाहिए। सरकार को स्वामी नाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस बार बहुत ज्यादा बरसात व बाढ़ फसलों विशेषकर धान की फसल को बड़ा नुकसान हुआ है। पैदावार पचास फीसदी तक कम आई है।
उन्होंने कहा कि सरकार को प्रभावित किसानों के फसली ऋण व ट्यूबवेलों के बिल माफ करने चाहिए। उन्होंने कहा कि धान की फसल को लेकर मुख्यमंत्री को 31 सौ रुपए प्रति क्विंटल के वादे को पूरा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंडियों में काट के नाम पर लूटा जा रहा है। सरकार की नीतियों से किसान कर्ज के बोझ के तले दब रहा है। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन मोहन जयरामपुर, रवीन्द्र बबलू, पवन वालिया, मंजीत सिंह मन्नी, गुरमेल सिंह आदि भी मौजूद रहे।