गार्ड, टीटीई, आरपीएफ एस्कॉर्ट को दे सकते हैं जानकारी, रेल प्रशासन ने की अपील
गोरखपुर। ट्रेनाें में अगर ज्वलनशील, विस्फोटक या लावारिस पड़ी वस्तु रखी है तो यात्री इसकी सूचना तत्काल गार्ड (ट्रेन मैनेजर), टीटीई, स्टेशन मास्टर, आरपीएफ-जीआरपी को दें। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 139 पर भी सूचना दे सकते हैं। रेल प्रशासन ने यात्रियाें से अपील की है कि वे भी किसी तरह का ज्वलनशील या विस्फोटक सामान लेकर सफर ने करें, पकड़े जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
एनईआर के लखनऊ मंडल के डीआरएम ने कहा कि यात्री ट्रेन की छत या कोच के पायदान पर बैठकर या खड़े होकर यात्रा न करें, यह जानलेवा हो सकता है। स्टेशनों पर व फुट ओवरब्रिज पर भीड़ न इकट्ठा करें। रेलवे ट्रैक को निर्धारित स्थान से ही पार करें, इसके लिए स्टेशनों पर एक से दूसरे प्लेटफाॅर्म पर जाने के लिए फुट ओवरब्रिज का प्रयोग करें। यात्री यात्रा के दौरान टिकट लेकर अपने साथ कम सामान लेकर चलें। लखनऊ मंडल कार्यालय के कंट्रोल रूम और गोरखपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर वार रूम स्थापित किए गए है। जिनकी 24 घंटे वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा शिफ्टवार मॉनिटरिंग की जा रही है।