राप्तीनगर का मामला, शाम चार बजे से गुल बिजली रात नौ बजे की गई बहाल
गोरखपुर। राप्तीनगर उपकेंद्र के पैनल में फाल्ट से सोमवार शाम तकरीबन चार बजे धमाका हो गया। इससे लगभग तीन हजार से ज्यादा घरों की बिजली गुल हो गई। मानबेला, पत्रकारपुरम, प्रधानमंत्री आवास, राप्तीनगर विस्तार समेत कई इलाके के लोगों को रात नौ बजे आपूर्ति बहाल की जा सकी।
राप्तीनगर उपकेंद्र के पैनल में धमाका होने के बाद कर्मचारी बाहर भाग निकले। धमाके की गूंज से थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी मची रही। अभियंताओं को सूचना देकर सुधार कार्य कराया गया। मोहद्दीपुर उपकेंद्र से जुड़े झरना टोला में लगातार कटौती से उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों ने बताया कि अभियंता कटौती का सही कारण भी नहीं बताते हैं। यदि कोई बड़ी समस्या है तो इसका समाधान होना चाहिए लेकिन कोई इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा है। अभियंताओं व कर्मचारियों की लापरवाही का खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। अभियंताओं ने बताया कि झरना टोला के रानीनगर में पोल टूटने के कारण आपूर्ति में व्यवधान आया। राप्तीनगर के अधिशासी अभियंता अभिषेक कुमार ने बताया कि रात नौ बजे बिजली बहाल कर दी गई।