पुलिस ने तीसरे दिन भी पनियरा के नरकटहां और अकटहवा डोमरा में दी दबिश, आरोपी भागे
नामजद आरोपियों के परिचितों और रिश्तेदारों से पुलिस कर रही पूछताछ
गोरखपुर। अकटहवा घाट पर हुए गैंगवार पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। ग्रामीणों के अनुसार, लगातार दबाव के चलते रेड गैंग और एके-47 गैंग के सरगना नेपाल भाग गए हैं। जबकि गैंग के गुर्गे अपने-अपने घर छोड़कर भागे हुए हैं। सीओ कैंपियरगंज विवेक तिवारी के नेतृत्व में पीपीगंज और पनियरा थाने की पुलिस ने बृहस्पतिवार को पनियरा के नरकटहां और अकटहवा डोमरा में दबिश दी, लेकिन कोई भी आरोपी नहीं मिला। उनकी तलाश में परिचितों ओर रिश्तेदारों से लगातार पूछताछ की जा रही है।
एसपी नार्थ जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि पीपीगंज और पनियरा की पुलिस ने सोमवार को अकटहवा पुल पर हुए गैंगवार में गिरफ्तार दोनों गैंग के चार आरोपियों पीपीगंज के भवनपुरवा अकटहवा टोला निवासी रामअनुज, महाराजगंज के पनियरा नरकटहा निवासी प्रदीप यादव, पनियरा के डोमरा अकटहवा टोला निवासी अंकित निषाद और शिव नारायण साहनी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जहां से सभी को जेल भेज दिया गया था। वहीं दो बाल अपचारियों को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया। जहां से उन्हें बाल सुधार गृह भेजा गया। भागे अन्य आरोपियों की तलाश में बृहस्पतिवार को भी पनियरा के दोनों गांवों नरकटहां और अकटहवा डोमरा में दबिश दी, लेकिन कोई नहीं मिला। फिलहाल पुलिस भागे हुए आरोपियों के परिजनों, परिचितों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। वहीं ग्रामीणों के अनुसार, दोनों गैंग के सरगना वारदात के बाद भी नेपाल भाग गए, जबकि एक आरोपी इलाके में छिपा हुआ है।
सोशल मीडिया पर वायरल बाइक
पीपीगंज कस्बे में बृहस्पतिवार को पुलिस को एक बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल मिली, जिस पर अंग्रेजी में ‘एके-47’ और बंदूक का लोगो बना हुआ था। बाइक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। इंजन व चेचिस नंबर के आधार पर वाहन स्वामी की पता लगाया जा रहा है।
मोबाइल डिटेल और सीडीआर खंगाले गए
पुलिस भागे आरोपियों की लोकेशन ट्रैक करने के लिए जेल भेजे गए आरोपियों के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाल रही है। लेकिन अभी तक ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। लगातार चल रही दबिश के कारण आरोपी भागे हुए हैं। मुखबिर और सर्विलांस की जरिये उनकी तलाश की जा रही है।