बालापार-टिकरिया फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान जगदीशपुर में गिरा मकान।
सरहरी गोरखपुर के बालापार-टिकरिया फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान शनिवार शाम बड़ा हादसा बच गया। मंगलपुर के जगदीशपुर टोले में नाला खोदाई के दौरान स्थानीय निवासी रामगोपाल गुप्ता का मकान अचानक भरभरा कर गिर गया।
हादसे के बाद पोकलैंड मशीन चालक और निर्माण कार्य में लगे अन्य कर्मचारी मौके से भाग गए। इस दौरान अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही सरहरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घर के अंदर फंसीं 10 महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फोरलेन के तहत सड़क के दोनों ओर नाले का निर्माण कार्य चल रहा है। शनिवार शाम जब मजदूर पोकलैंड मशीन से रामगोपाल गुप्ता के घर के सामने खोदाई कर रहे थे तभी घर की दीवारों में दरारें आने लगीं।
रामगोपाल के बेटे रवि गुप्ता ने मशीन चालकों से खोदाई रोकने को कहा। उन्होंने कहा कि वह अपने खर्चे पर गड्ढा खोदवा लेंगे लेकिन कर्मचारियों ने काम जारी रखा। कुछ ही देर में मकान का आगे का हिस्सा भरभरा कर गिर पड़ा।
मकान गिरते ही घर के अंदर मौजूद महिलाओं और बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर तीन महिलाओं और आठ बच्चों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।
हादसे में पड़ोसी अशोक गुप्ता के मकान की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई है। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग के जेई शैलेश सिंह ने मौके का निरीक्षण किया और बताया कि मामले की जांच कर प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।