जिले की सबसे बड़ी 25 करोड़ की चोरी के मामले में सेक्टर-39 पुलिस ने शनिवार को महामाया फ्लाईओवर के पास से गिरोह के 7वें बदमाश 10 हजार के इनामी सनी उर्फ अश्विनी कुमार को गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से चोरी के बाद हिस्से में आए दो किलो सोने समेत करीब एक करोड़ रुपये का सामान मिला है। आरोपी ने हिस्से में आए 40 लाख रुपयों से जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर 150 गज और 168 गज के प्लॉट खरीद लिए थे। पुलिस ने सामान के साथ प्लॉटों के कागज व स्विफ्ट कार भी जब्त की है। साथ ही, सनी अन्य संपत्ति भी जब्त की जाएगी।
नोएडा जोन के डीसीपी राजेश एस और एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि सनी चोरी के मास्टरमाइंड लोनी के कोतवालपुर निवासी गोपाल कसाना का चचेरा भाई है। आरोपी के पास से पुलिस को एक सूटकेस में राममणि पांडेय, किसलय पांडेय और संजू पांडेय के नाम प्लॉट व संपत्ति के दस्तावेज भी मिले हैं। इसमें पांडेय परिवार के ही विभिन्न बैंकों की पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, जन्मकुंडली आदि भी हैं।
इन दस्तावेज से साबित होता है कि सिल्वर सिटी के फ्लैट में रखा सामान पांडेय परिवार का ही है। पुलिस अब तक जहां आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर 11 करोड़ रुपये का माल बरामद कर चुकी है। गोपाल, सनी समेत चार लोगों पर पुलिस ने 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। शनिवार को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति महामाया फ्लाईओवर के पास खड़ा है और दिल्ली जाने की तैयारी में है।
पुलिस ने मौके पर जाकर युवक को दबोच लिया। पूछताछ करने पर पता चला कि वह सनी है। इसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने ग्रेनो के जू सेक्टर स्थित किराये के मकान से कागजों से भरा एक सूटकेस बरामद किया है। जबकि सिकंद्राबाद के घर से दो किलो सोने के दो बिस्किट, एक सोने की कटोरी, एक चम्मच और एक नथ बरामद की है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि फ्लैट में चोरी के बाद 40 लाख रुपये और सोने के दो बिस्किट उसके हिस्से में आए थे। 40 लाख रुपये में दनकौर और अजायबपुर गांव में उसने प्लॉट खरीद लिए।
चोरी का मामला खुला तो ग्रेनो छोड़ पहुंचा सिकंद्राबाद
सनी ने पुलिस को बताया कि जब चोरी का मामला नोएडा में खुला तो उसके साथियों ने तुरंत ग्रेटर नोएडा को छोड़कर दूसरे स्थान पर जाने के लिए कहा था। बुलंदशहर और सिकंद्राबाद में उसके चाचा व बुआ रहते हैं, इसलिए वहां जाकर मकान किराये पर लिया और वहीं से नोएडा की खबरों पर नजर रखने लगा।
25 अगस्त 2020 को दिया गया था घटना को अंजाम
सिल्वर सिटी स्थित 301 नंबर फ्लैट में 25 अगस्त 2020 को चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। इसमें 10 लोग शामिल थे। कुछ लोग सोसाइटी के अंदर गए थे। जबकि कुछ बाहर से ही सामान को ठिकाने लगाने के लिए कार लेकर खडे़ थे। गोपाल चोरी वाले स्थान से सभी को दिशा निर्देश दे रहा था। सब कुछ पहले से तय था और कुछ ही देर में सामान रखकर सब फरार हो गए।