रणदीप भाटी गैंग का बदमाश प्रमोद गिरफ्तार
दादरी। ट्रांसपोर्ट के नाम पर कंपनियों से मनमाना किराया वसूलने वाले रणदीप भाटी गैंग के बदमाश प्रमोद उर्फ पिंटू को दादरी कोतवाली पुलिस और एसटीएफ ने मिलकर गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से तमंचा बरामद हुआ है। उसकी काफी समय से तलाश थी।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि रणदीप भाटी गैंग का एक बदमाश कार से दादरी की ओर जा रहा है। सूचना पर यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने कोतवाली पुलिस के सहयोग से दादरी आरओबी के पार घेराबंदी कर प्रमोद उर्फ पिंटू को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके कब्जे से एक तमंचा बरामद हुआ है। कोतवाली दादरी क्षेत्र के गांव रिठोरी निवासी प्रमोद उर्फ पिंटू पुत्र धर्मपाल विशाल भारत के नाम से ट्रांसपोर्ट कंपनी चलाता है। वह रणदीप भाटी गैंग का गुर्गा रहा है। ट्रांसपोर्ट के नाम पर वह लोगों को डरा-धमकाकर मनमाना किराया वसूलता है। उसके खिलाफ दादरी कोतवाली और साइट-5 कोतवाली में कई अपराधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों में पुलिस को प्रमोद की लंबे समय से तलाश थी। पुलिस ने बताया कि वह कंपनियों में अपनी गाड़ियों को जबरन लगवाता था। साथ ही कंपनियों से निर्धारित किराये से अधिक रकम वसूल करता था। पुलिस की पूछताछ में पिंटू ने बताया कि वह विशाल भारत ट्रांसपोर्ट का प्रोपराइटर है। अपराधी रणदीप भाटी और अमित कसाना से कंपनियों पर अनुचित दबाव डलवाकर ट्रांसपोर्ट के ठेके लेकर अनुचित आर्थिक लाभ लेता रहा है।