वेयर हाउस, ट्रांसपोर्ट नगर, सब्जी मंडी, बाजार व औद्योगिक सेक्टरों के रूट तय होंगे, कई जगहों पर जाम से मिलेगी राहत
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। उद्योगों तक कच्चा माल और बाजार तक उत्पाद आसानी से पहुंचेगा। इसके लिए नोएडा प्राधिकरण ने नोएडा लॉजिस्टिक्स प्लान तैयार कराने का फैसला किया है। इसके लिए प्राधिकरण ने रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) जारी कर एजेंसियों से 27 अक्टूबर तक आवेदन मांगे हैं। अधिकारियों का कहना है कि इससे कई जगहों पर जाम से भी छुटकारा मिलेगा।
नोएडा प्राधिकरण की जीएम प्लानिंग मीना भार्गव ने बताया कि आरएफपी जारी कर दी गई है। आगे आने वाले आवेदन से सलाहकार का चयन किया जाएगा।औद्योगिक विकास के साथ शहर में वाणिज्यिक क्षेत्र व वाहनों का दबाव भी बढ़ रहा है। अलग-अलग उद्योगों के वेयर हाउस, स्टोर, ट्रांसपोर्ट नगर, सब्जी मंडी बनी हैं। इनके लिए कोई रूट चिह्नित नहीं है। बाजारों या औद्योगिक सेक्टरों में ट्रक खड़ा करने की व्यवस्था भी नहीं है। भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री का भी समय तय है। ऐसे में जैसे-तैसे माल ढुलाई हो रही है।
जरूरत पड़ी तो सड़कें चौड़ी होंगी
अधिकारियों का कहना है कि नोएडा में अब ज्यादा जगह भी नहीं बची है। ऐसे में कोई लॉजिस्टिक्स पार्क जैसी योजना भी तैयार नहीं की जा सकती है। ऐसे में मौजूद संसाधन व व्यवस्था का योजना बनाकर और बेहतर किया जा सकता है। सलाहकार एजेंसी से इसी आधार पर प्लानिंग करवाई जाएगी फिर जो प्रमुख रूट चिह्नित होंगे उनको जरूरत के हिसाब से चौड़ा भी किया जा सकता है। अगर कहीं भारी वाहनों का आवागमन नहीं हो पा रहा है तो उस समस्या को भी दूर करवाया जाएगा। औद्योगिक सेक्टर, बाजारों में भी जरूरी संसाधन विकसित किए जाएंगे।
-
अस्पतालों के लिए भी बनेगी योजना
शहर में चिकित्सा क्षेत्र का भी तेजी से विकास हो रहा है। कई बड़े अस्पताल हैं जिनमें हजारों मरीजों का इलाज होता है। यह अस्पताल भी लॉजिस्टिक्स प्लान का हिस्सा होंगे। अस्पतालों का सामान बगैर रुकावट के पहुंचे और इससे किसी और को कोई समस्या न हो, इसका ख्याल रखा जाएगा।