ठगी की रकम से खरीदे 6.75 लाख के सोने के सिक्के
- पुलिस ने फ्रीज कराए पैसे तब ठगी का पता चला, केस दर्जकर जांच में जुटी पुलिस
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जालसाजों ने ठगी की रकम से एक जूलरी शॉप से 6.75 लाख के सोने के सिक्के खरीद लिए। पुलिस ने जब बैंक अकाउंट में पैसे फ्रीज कराए तब जूलर को ठगी की जानकारी हुई। तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कोतवाली सेक्टर-20 जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-18 स्थित टीबीजेड ज्वेलर्स की स्टोर मैनेजर गुरमीत कौर ने पुलिस से शिकायत की है कि 18 मई को रणधीर कुमार सिंह नामक शख्स का शोरूम के लैंडलाइन पर फोन आया था। उसने शोरूम के स्टाफ सोनू तंवर से बात की और सोने के सिक्के की खरीद और भुगतान के संबंध में जानकारी ली।
रणधीर ने कहा कि वह देहरादून से 70 ग्राम सोने के सिक्के का ऑर्डर कर रहा है। इसके लिए उसने 4.58 लाख का भुगतान किया और कहा कि सिक्के लेने के लिए विक्रम प्रताप सिंह नामक युवक आएगा। जालसाज ने विक्रम का आधार कार्ड भी सोनू के पास भेज दिया। इसके बाद विक्रम सिक्के लेकर चला गया।
अगले दिन रणधीर ने फिर से सोनू को फोन किया और 33 ग्राम सोने के सिक्के बुक कराए। इसके लिए 2.17 लाख का भुगतान कर दिया। जालसाज ने शोरूम के स्टाफ को बताया कि रवि कुमार सिंह नामक व्यक्ति सिक्के लेने आएगा। रवि की आइडी भी रणधीर ने स्टाफ से साझा की। रवि सिक्के लेकर चला गया तो बैंक की तरफ से शोरूम वाले को बताया गया कि ठगी की रकम से रणधीर ने सोने के सिक्के खरीदे हैं।