लखीमपुर खीरी। सोमवार से आरंभ हो रहे शारदीय नवरात्र को लेकर जिले भर के देवी मंदिर सजने लगे हैं। मंदिरों के बाहर प्रसाद, पूजन सामग्री आदि की दुकानें भी लगने लगी हैं।
संकटा देवी मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर होने लगा है। मंदिर के चारों ओर पूजन सामग्री की दुकानों पर विशेष रौनक देखने को मिल रही है। नारियल, चुनरी, कलश, धूप-बत्ती, पुष्पमालाएं और सजावटी सामान खरीदने के लिए श्रद्धालु सुबह से ही दुकानों पर जुटने लगे। इस मौके पर फल की दुकानों पर भी भीड़ देखी जा रही है।
मंदिर परिसर में माता की प्रतिमाएं बनकर पूरी तरह तैयार हो चुकी हैं। आयोजक कमल मिश्रा ने बताया कि बंगाल से आए प्रसिद्ध मूर्तिकार निमई मंडल ने इस वर्ष सभी प्रतिमाओं को आकार दिया है। इन प्रतिमाओं के शृंगार और सजावट का कार्य उमेश सचदेवा, ओम कश्यप और सोनू कश्यप कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सोमवार रात को मूर्तियों की स्थापना कर माता का भव्य दरबार सजाया जाएगा। इस दौरान आकर्षक रोशनी और फूलों से सजावट की विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालु आध्यात्मिक अनुभूति कर सकें।
मंदिर प्रशासन की ओर से भी साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, बैठने और दर्शन की लाइन को सुव्यवस्थित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दूसरी ओर भक्तों ने भी अपने-अपने घरों में कलश स्थापना और नौ दिनों तक चलने वाले पूजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
संपूर्णानगर। कस्बा के श्री दुर्गा मंदिर समेत अन्य जगहों पर साफ-सफाई के साथ सजावट व झालरों को लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। बाजार में माता के शृंगार, व्रत का सामान समेत अन्य दुकानों पर भी भीड़भाड़ दिखी। कस्बा के सिंगाही खुर्द, खजुरिया, कमलापुरी, बसही, रानीनगर, मुरारखेड़ा, बमनगर, विशेनपुरी, सुमेरनगर आदि गांव में भी नवरात्र उत्साह से मनाया जाएगा। क्षेत्र में करीब 26 जगहों पर मूर्ति स्थापना की तैयारियां चल रहीं हैं।
गोला गोकर्णनाथ। नगर के खुटार मार्ग स्थित सिद्ध पीठ मां मंगला देवी का प्राचीन मंदिर है। इसके साथ ही मोहल्ला मुन्नूगंज में अलीगंज मार्ग पर रक्षा देवी मंदिर है। मां दुर्गा मंदिर सहित कई प्राचीन देवी मंदिर हैं। शारदीय नवरात्र पर मंदिरों को सजाया जा रहा है। साथ ही बजाज चीनी की पुरानी कॉलोनी में मां दुर्गा पूजा समिति के 29 वें आयोजन के तहत मां वैष्णो का भव्य दरबार सजाया जा रहा है। रविवार की सुबह से ही नगर की तीर्थ बाजार स्थित पूजन सामग्री की दुकानों पर देवी भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी। जहां श्रद्धालुओं ने जमकर खरीदारी की।
पूजन सामग्री
चुनरी - 5 से 100 रुपये तक
कलश -10 से 50 रुपये तक
शकोरा- 20 से 30 रुपये तक
दीपक -5 से 10 रुपये तक
सुहाग का सामान - 40 से 60 रुपये तक
व्रत में खान-पान का सामान
कुट्टू का आटा - 200 रुपये किलो
सिंघाड़ा का आटा - 180 रुपये किलो
सेब - 80 से 100 रुपये
केला 30 से 40 रुपये
अमरूद 60 से 80 रुपये
पपीता 30 से 40 रुपये
संतरा 80 से 100 रुपये
मौसमी 35 से 40 रुपये
तरबूज 30 से 40 रुपये
नागा 100 रुपये
नाशपाती 110 रुपये
अनार 140 रुपये किलो
जटा नारियल 50 रुपये
नारियल पानी 70 रुपये
बाजार में फलों की दुकान पर नवरात्र के लिए हो रही खरीदारी। संवाद
बाजार में फलों की दुकान पर नवरात्र के लिए हो रही खरीदारी। संवाद
बाजार में फलों की दुकान पर नवरात्र के लिए हो रही खरीदारी। संवाद
बाजार में फलों की दुकान पर नवरात्र के लिए हो रही खरीदारी। संवाद