- कलाधाम हादसे में गिरफ्तार सुपरवाइजर और तकनीकी सुपरवाइजर की रिहाई की मांग
ग्रेटर नोएडा। कलाधाम सोसाइटी हादसे में गिरफ्तार सुपरवाइजर और तकनीकी सुपरवाइजर की रिहाई की मांग को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के संविदा कर्मचारियों का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारी जीएम प्रोजेक्ट के नए आदेश के विरोध में प्राधिकरण कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। मंगलवार को कर्मचारियों से वार्ता के लिए प्राधिकरण के तीन वरिष्ठ प्रबंधक पहुंचे। उन्होंने बताया कि जीएम प्रोजेक्ट के आदेश में एफआईआर वाली बात हटवा दी गई है। इसके बाद भी कर्मचारियों ने धरना खत्म करने से इनकार कर दिया। कर्मचारियों का कहना है कि आदेश में संशोधन नहीं बल्कि उसे पूरी तरह वापस लिया जाना चाहिए। उनका आरोप है कि जिम्मेदारी तय करने के नाम पर संविदा कर्मियों पर दबाव बनाया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कलाधाम सोसाइटी हादसे में जेल भेजे गए दोनों कर्मचारी निर्दोष हैं। उनकी रिहाई के लिए प्राधिकरण की ओर से कोई सहयोग नहीं किया जा रहा है। कर्मचारियों ने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है। ब्यूरो