नोएडा (संवाद)। सेक्टर-73 स्थित यदु पब्लिक स्कूल के मैदान में बृहस्पतिवार को खेले गए मुकाबले में ग्लोरी क्रिकेट क्लब ने जीरो ग्रेविटी क्रिकेट अकादमी को छह विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जीरो ग्रेविटी की टीम 38.3 ओवर में 217 रन पर सिमट गई। तेजस ने 33 और अर्नव ने 30 रन बनाए। ग्लोरी की ओर से हर्ष गंगवार ने तीन, जबकि आकाश यादव और मानविक ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में उतरी ग्लोरी क्रिकेट क्लब टीम ने 31.1 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को हासिल कर लिया। रौनक मैन ऑफ द मैच और हर्ष गंगवार बेस्ट बॉलर बने।