सर्विस सेंटर बंद कर गाडिय़ां लेकर फरार हुआ संचालक, जांच शुरू
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-63 क्षेत्र के बहलोलपुर गांव स्थित एक कार सर्विस सेंटर का संचालक ग्राहकों की गाड़ियां लेकर फरार हो गया। अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि कितनी गाड़ियां लेकर गया है। इस मामले में कार मालिक की शिकायत पर कोतवाली सेक्टर-63 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
सेक्टर-122 निवासी नितिन कुमार ने पुलिस से शिकायत की है कि उन्होंने अपनी अर्टिगा कार की डेंटिंग और पेंटिंग कराने के लिए आठ मार्च को बहलोलपुर स्थित एक सर्विस सेंटर में दी थी। सेंटर संचालक देवेंद्र सिंह ने दो दिन में काम पूरा होने का आश्वासन दिया था। जब निर्धारित समय पर नितिन अपनी कार लेने पहुंचे तो सर्विस सेंटर बंद मिला। वहां उनकी कार के अलावा अन्य ग्राहकों की गाड़िया गायब थीं। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि संचालक अचानक सेंटर बंद कर कहीं चला गया है। पीड़ित ने आरोपी के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन बंद मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्विस सेंटर संचालक पर कई लोगों का पैसा बकाया था और वह कर्ज में डूबा हुआ था। आशंका है कि वह आर्थिक दबाव के कारण गाड़ियों लेकर फरार हुआ है। एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज है और आरोपी की तलाश की जा रही है।