नोएडा। स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने सेक्टर-59 स्थित इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पहले चरण में टीकाकरण अभियान सफल रहा है। वैक्सीन की कमी को पूरा करने के लिए ग्लोबल टेंडर निकालने पर विचार किया जा रहा है। इसमें दोनों स्वदेशी कंपनियों के साथ ही विदेशी कंपनियां भी टेंडर डाल सकेंगी। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि एक मई से प्रदेश के 7 जिलों में 18 से 44 वर्ष की आयु के लोगों का टीकाकरण शुरू हो चुका है। इसकी सफलता को देखते हुए सरकार ने प्रदेश के 11 जिलों में सोमवार से टीकाकरण अभियान शुरू किया है।
उन्होंने लोगों से वैक्सीन लगने के बाद भी मास्क पहनना व शारीरिक दूरी के पालन की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार प्रभावी कदम उठा रही है। वैक्सीन के लिए लोगों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। बस अपनी बारी आने पर टीकाकरण केंद्र पहुंचे। केंद्र जाने से पहले ऑनलाइन पंजीकरण कराएं। इस दौरान उन्होंने जिला सर्विलांस अधिकारी के साथ अन्य अधिकारियों को लोगों की मदद करने के निर्देश दिए। मौके पर सांसद डॉ. महेश शर्मा, जिले के कोविड-19 के नोडल अधिकारी नरेंद्र भूषण, जिलाधिकारी सुहास एलवाई, सीएमओ डॉ. दीपक ओहरी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री ने आईसीयू में जाना मरीजों का हाल
जिले के प्रभारी मंत्री जय प्रताप सिंह ने सोमवार दोपहर सेक्टर-39 स्थित कोविड अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आईसीयू में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उनके साथ अस्पताल की सीएमएस भी मौजूद रहीं। नोएडा कोविड अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी आदि खबरें समाचार पत्रों में प्रकाशित होने के बाद प्रदेश के प्रभारी मंत्री ने अस्पताल का दौरा किया। वह अस्पताल के चारों आईसीयू और वार्ड में गए। अस्पताल की सीएमएस डॉ. रेनू अग्रवाल ने बताया कि मरीजों ने मंत्री से डॉक्टरों और स्टाफ की तारीफ की। इसके बाद मंत्री ने डॉक्टरों से भी बातचीत की। उन्होंने बताया कि इसके अलावा प्रभारी मंत्री ने लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट का भी निरीक्षण किया।