दादरी (संवाद)। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर चिपियाना व मारीपत रेलवे स्टेशन के बीच रांची राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन पर पत्थर मारकर बदमाशों ने शीशे तोड़ दिए। गनीमत रही कि यात्रियों को चोट नहीं आई। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस पत्थर मारने वाले आरोपियों की तलाश में लगी है। आरपीएफ ने बताया कि 30 अगस्त को एक्सप्रेस ट्रेन चिपियाना व मारीपत रेलवे स्टेशन के बीच पहुंची तो कोच नंबर ए4 की सीट नंबर 20, 21 व कोच नंबर बी6 की सीट नंबर 7 पर पत्थर मारे गए। इससे एसी कोच के शीशे टूट गए। आरपीएफ की जांच में पता चला कि गेरिया नाले के पास संदिग्ध लोगों ने पत्थर मारकर शीशे तोड़े हैं।