मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ, कहा- दिल्ली को 100 स्वचालित पार्किंग की जरूरत
मार्केट एसोसिएशनों से योजना बनाने को कहा, दिल्ली सरकार देगी वित्तीय सहायता
63.74 करोड़ रुपये की लागत आई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
ग्रेटर कैलाश-1 में लंबे इंतजार के बाद शनिवर को लोगों को बहुमंजिला स्वचालित शटल पार्किंग की सौगात मिली। यहां 399 कारें खड़ी की जा सकेंगे। सेवा पखवाड़े के तहत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसका उद्घाटन किया। एमसीडी ने इसे 63.74 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में पार्किंग बहुत बड़ी समस्या है। स्वचालित पार्किंग से सड़कों पर जाम कम होगा। दिल्ली में करीब 100 स्वचालित पार्किंग की जरूरत है। इससे पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान होगा। सीएम ने विधायकों, पार्षदों और मार्केट एसोसिएशनों से कहा कि वे सुविधाओं और विकास कार्यों के लिए योजना बनाएं दिल्ली सरकार हर संभव वित्तीय सहायता देगी। कोई भी सड़क, नाला व फुटपाथ टूटा-फूटा नहीं रहेगा। क्षेत्र के पार्क सुंदर होंगे। इस मौके पर शहरी विकास मंत्री आशीष सूद, महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह, सांसद बांसुरी स्वराज, स्थानीय विधायक शिखा रॉय और एमसीडी के अधिकारी मौजूद रहे।
पार्किंग संचालन को प्रक्रिया को समझा
मुख्यमंत्री ने नई स्वचालित शटल पार्किंग का निरीक्षण भी किया। उन्होंने संचालन की प्रक्रिया को समझा। पार्किंग 2245 वर्गमीटर क्षेत्र में बनी है। इसमें वाहन खड़ा करने और निकालने में किसी प्रकार के मानवीय हस्तक्षेप की जरूरत नहीं होगी। पार्किंग का प्रवेश और निकास भूतल से है। बेसमेंट, भूतल के बाद सात मंजिला इमारत है। निर्माण कंपनी दस साल तक इसका संचालन व रखरखाव करेगी। इस परियोजना में 1.5 लाख लीटर क्षमता का भूमिगत जल टैंक, पंप रूम और अग्निशमन सुविधा है। पार्किंग परिसर के बाहर विज्ञापनों से आय आएगी। राजस्व का 30 फीसदी एजेंसी और 70 फीसदी निगम को मिलेगा।