माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। दादरी से खुर्जा के बीच 80 गांव की जमीन पर प्रस्तावित दादरी-नोएडा-गाजियाबाद इन्वेस्टमेंट रीजन (न्यू नोएडा) के लिए नोएडा प्राधिकरण आंकड़े जुटा रहा है। प्राधिकरण ने बुलंदशहर प्राधिकरण, जिला प्रशासन व अन्य विभागों से जीआईएस तकनीक आधारित डाटा मांगा है। इनमें नदी, नहरें, तालाब, आंतरिक और मुख्य सड़कें, हाईवे समेत अन्य प्राकृतिक और आधारभूत संरचनाओं की जानकारी शामिल होंगी। इसके आधार पर प्राधिकरण को क्षेत्र में सिंचाई के स्रोत, जल निकायों और यातायात नेटवर्क की मौजूदा स्थिति का आंकलन करने में मदद मिलेगी। विश्लेषण के बाद शहर का विस्तृत जीआईएस मैप तैयार किया जाएगा, जो यह तय करने में भूमिका निभाएगा कि आवासीय, औद्योगिक और संस्थागत क्षेत्र कहां विकसित किए जाएं। जल निकायों का संरक्षण कैसे हो और सड़क नेटवर्क किस तरह तैयार किया जाए।