मथुरा। आगरा के सेंट जॉन्स कॉलेज में 28 और 29 नवंबर को हुई अंतर महाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जिले की बेटियों ने चार स्वर्ण समेत सात पदकों जीते हैं। सभी खिलाड़ी केआर पीजी कॉलेज की छात्राएं हैं।
केआर पीजी कॉलेज के कीड़ा प्रभारी डॉक्टर दलबीर सिंह कौन्तेय ने बताया कि शॉट पुट प्रतियोगिता में बीए थर्ड ईयर की छात्रा नेहा राघव ने स्वर्ण पदक जीता है। एमए फाइनल की छात्रा सोनिया उपाध्याय ने 5000 मीटर और 1500 मीटर में दो स्वर्ण पदक जीते। पूनम चौधरी ने 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक प्राप्त कर किया। 1500 मीटर में सोनिया ने कांस्य प्राप्त किया। चक्का फेंक प्रतियोगिता में चैतन्या कौंतेय ने कांस्य, पूनम चौधरी ने 200 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता है। जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव जय सिंह ने बताया कि सोनिया उपाध्याय राष्ट्रीय स्तर पर 3000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। खिलाडि़यों ने कोच लोकेश गौतम के नेतृत्व में प्रतिभाग किया।
छात्राओं को केआर पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. प्रवीण कुमार अग्रवाल, महाविद्यालय कीड़ा समिति के डॉक्टर पंकज शर्मा, डॉ. प्रभात वर्मा, डॉ. विजय आनंद, डॉ. शिवकुमार मौर्य, डॉ. शिव कुमार, डॉ. कपिल कौशिक, जिला कबड्डी संघ के सचिव सुनील श्रीवास्तव, जिला बास्केटबॉल संघ के सचिव डॉ. राजेश केहरवार, जूडो संघ के सचिव लाखन कुंतल ने बधाई दी है।