ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला ने पोती की तलाश के लिए अदालत की मदद ली है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर नाबालिग की तलाश शुरू की है। महिला का कहना है कि उसकी 14 वर्षीय पोती 14 जून की रात से लापता है। बहू का पहले ही देहांत हो चुका है। पोती का पालन-पोषण वहीं कर रही थी। 14 जून की रात पोती दुकान से सामान लेने के लिए गई थी। लेकिन वापस नहीं लौटी। अगले दिन उन्हें पता चला कि पोती को नोएडा सेक्टर-31 स्थित निठारी गांव के रंजन के साथ लोगों ने देखा था। रंजन सेक्टर में ही केक की दुकान करता था। आरोपी भी लापता है। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि मामला दर्ज कर किशोरी की तलाश की जा रही है।
नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र एक गांव से एक नाबालिग के लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी 15 वर्षीय को अभय कुमार शर्मा नामक युवक अपने साथ ले गया है। युवक मूलरूप से सिवान बिहार का निवासी है। वह हाल ही में तुगलपुर में किराये के मकान में रह रहा था। आरोप है कि 4 अक्तूबर को युवक किशोरी को ले गया। वहीं कोतवाली प्रभारी सर्वेश चंद्र का कहना है कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। ब्यूरो