युवती की शिकायत पर साइबर थान पुलिस ने मामला किया दर्ज
टेलीग्राम ग्रुप से जोड़कर पैसे ऐंठे, बुरी तरह तनाव में आई युवती
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आईपी एक्सटेंशन में क्रिप्टो करेंसी में निवेश करने पर मुनाफे का लालच देकर युवती से 35 लाख रुपये ठग लिए गए। ठगी का अहसास होने पर मामले की शिकायत पुलिस से की गई। पूर्वी जिला के साइबर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन खातों की पड़ताल की जा रही है, जिनमें रकम ट्रांसफर की गई। इसके अलावा सीडीआर भी खंगाली जा रही है। घटना के बाद से पीड़िता बुरी तरह तनाव में है।
पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर को युवती के व्हाट्सएप नंबर पर अनजान नंबर से ईशा का मैसेज आया। चैट के दौरान उसने युवती को क्रिप्टो करेंसी में निवेश करने पर मोटा मुनाफा देने की बात कही। बाद में उसने युवती टेलीग्राम ग्रुप के लिंक से जोड़ दिया। इसमें युवती से क्रिप्टो करंसी में निवेश करने के लिए ऑफर दिए गए। शमा जाल में फंस गई और 26 व 27 सितंबर को आरोपियों के कहने पर 35.54 लाख रुपये निवेश कर दिए। इसके बाद उसने मुनाफा देने की बात की। इस पर आरोपियों ने कहा कि और रुपये निवेश करने पर ही लाभ मिलेगा। इसके बाद युवती को ठगी का अहसा हुआ। बाद में आरोपियों ने शमा से संपर्क खत्म कर टेलीग्राम ग्रुप से निकालकर नंबर ब्लाॅक कर दिया।