इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आज से दिल्ली फेयर-2026 शुरू हो गया है। यह मेला विशेष रूप से बिजनेस-टू-बिजनेस (बी-2-बी) खरीदारों के लिए आयोजित किया गया है। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने इस मेले का उद्घाटन किया। हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (ईपीसीएच) की ओर से आयोजित पांच दिवसीय मेले में देश के हस्तशिल्प उत्पादों को वैश्विक बाजार उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।
100 देशों के खरीदार हो रहे शामिल
आयोजकों के मुताबिक, इसमें करीब 100 देशों के खरीदारों के शामिल होने की उम्मीद है। मेले के 17 हॉल में 3000 से अधिक प्रदर्शक अपने उत्पाद पेश करेंगे। यह बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी) आयोजन है, इसलिए आम लोगों को प्रवेश नहीं मिलेगा।