आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में अक्तूबर माह में जिले की 11वीं रैंक आई है। सीएम डैश बोर्ड पर जिले को विकास कार्याें के लिए 59वीं रैंक मिली है। दोनों रैंक में सितंबर के सापेक्ष गिरावट दर्ज की गई है।
शासन की ओर से ऑनलाइन माध्यम से शिकायत दर्ज कराए जाने के लिए आईजीआरएस पोर्टल का प्रावधान किया गया है। इस पर प्राप्त होने वाली शिकायतों के निस्तारण की रैंकिंग प्रत्येक माह जारी की जाती है। माह सितंबर में शिकायतों के निस्तारण में प्रदेश में जिले की पांचवीं रैंक थी, जोकि इस बार 11 वें पायदान पर पहुंच गई है। तहसीलों में भी शिकायतों के निस्तारण की स्थिति खराब रही है।
तहसील हाथरस की 344, सासनी की 308, सिकंदराराऊ व सादाबाद की 265वीं रैंक आई है। वहीं सीएम डैश बोर्ड पर विकास कार्याें के लिए सितंबर महीने में जिला पूरे प्रदेश में 54वें पायदान पर रहा था, लेकिन इस महीने उसकी रैंग चार पायदान गिरकर 59वें स्थान पर पहुंच गई है। राजस्व में हाथरस इस बार भी 30वें पायदान पर रहा है।