-ड्रोन उड़ाने वालों की गिरफ्तारी के लिए बनी तीन टीमें
- सीएम दौरे से पहले पुलिस हर संदिग्ध पर रख रही नजर
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। सीएम योगी इसी सप्ताह यमुना सिटी आएंगे और रबूपुरा में जनसभा करेंगे। सीएम के आने से पहले पुलिस पूरी तरह से अलर्ट हो गई है और चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। जेवर एयरपोर्ट और इसके आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। संदिग्ध लोगों पर भी पुलिस नजर रखे हुए है। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट केंद्र सरकार और राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं में शामिल है। जल्दी ही इसकी शुरुआत होनी है, जिसके लिए तेजी से एयरपोर्ट के काम को पूरा किया जा रहा है। बीते दिनों एयरपोर्ट और इसके आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध ड्रोन उड़ने का मामला सामने आया था। एयरपोर्ट के सुरक्षा कर्मियों ने पुलिस को बताया था कि नो-फ्लाइंग जोन होने के बाद भी यहां पर ड्रोन उड़ाया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में जेवर थाने में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ड्रोन उड़ाने वाले की जांच में जुटी है।
तीन टीमें कर रही हैं मामले की जांच : एसीपी जेवर सार्थक सेंगर ने बताया कि ड्रोन उड़ाने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं जो इस प्रकरण की जांच कर रही हैं। एयरपोर्ट के आसपास की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।