बिहार से गांजा लाकर नोएडा में बेचने वाला गिरफ्तार, 41 किलो गांजा बरामद
- फेस-2 थाना पुलिस ने भंगेल में गंदे नाले की पटरी से आरोपी को पकड़ा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कोतवाली फेज-2 पुलिस ने बिहार से गांजा लाकर नोएडा में बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 41 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा गांजा बिक्री से मिले 1800 रुपये और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक भी पुलिस ने बरामद कर उसे सीज कर दिया है।
एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि कोतवाली फेज-2 पुलिस की टीम बुधवार को क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शमशान घाट भंगेल के पास गंदे नाले की पटरी से एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी की पहचान प्रिन्स कुमार साहू (28) बैजू प्रसाद साहू के रूप में हुई। वह मूलरूप से झारखंड के गोड्डा जिले के महरमा थाना क्षेत्र स्थित फिरोजपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रेन के जरिये बिहार से गांजा सस्ते दामों पर लेकर आता था। इसके बाद नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में उसे अधिक कीमत पर बेचता था।