रास्ते में रोककर दो भाइयों के सिर पर कुर्सी से हमला
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-39 क्षेत्र के सदरपुर में रास्ते में रोककर दो भाइयों पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों ने पहले दोनों के साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर एक युवक ने कुर्सी से उनके सिर पर वार कर दिया। चोट लगने से दोनों भाई लहूलुहान हो गए। बरेली के फतेहगंज पूर्वी निवासी पारस गुप्ता वर्तमान में सेक्टर-45 के सदरपुर में किराये पर रहते हैं।
उन्होंने पुलिस को बताया कि 24 अगस्त की सुबह वह सोम बाजार से शिव मंदिर की ओर जा रहे थे। रास्ते में उनके भाई अजय गुप्ता के साथ मोहित और शिवम नाम के दो युवक विवाद कर रहे थे। दोनों युवक कथित तौर पर गाली-गलौज करने के साथ धमकी भी दे रहे थे। पारस ने बताया कि उन्होंने मामला शांत कराने के लिए बीच-बचाव किया। आरोप है कि इसी दौरान शिवम ने कुर्सी उठाकर दोनों भाइयों के सिर पर जोर से हमला कर दिया। वार लगते ही दोनों के सिर से खून बहने लगा और वे जमीन पर गिर पड़े। एसीपी प्रवीण सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मोहित और शिवम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।