दनकौर (संवाद)। मंडी श्याम नगर कस्बा निवासी एक युवक परिवार से विवाद के बाद गंग नहर (खेरली नहर) में कूद गया। पुलिस के अनुसार नीरज (20 ) का शनिवार रात किसी बात को लेकर अपने परिजनों विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद वह घर से देर रात को नाराज होकर निकल गया। युवक के पीछे उसकी मां भी उसे रोकने के लिए दौड़ी, लेकिन वह नहीं रुका और घर से करीब 1 किमी दूर स्थित गंग नहर के पुल पर पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नीरज ने पुल से नहर में छलांग लगा दी। बेटे को नहर में कूदता देख मां ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ लोगों ने तत्काल नहर में उतरकर युवक को बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन तेज बहाव के कारण उसका पता नहीं चल सका।
घटना की सूचना मिलते ही दनकौर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत और बचाव अभियान शुरू कराया। युवक की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। देर रात से ही नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। रविवार शाम तक पुलिस और एनडीआरएफ की टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी रही, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार का कहना है कि नहर में डूबे युवक की खोज के लिए अभियान जारी है।